RGPV पेपर चोरी पर गरमाई सियासत! पीसी शर्मा का हमला, बोले- बीजेपी का एजेंडा सिर्फ नाम बदलना, पेपर लीक रोकना नहीं

भोपाल। आरजीपीवी पेपर चोरी मामले को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का ध्यान शिक्षा व्यवस्था सुधारने के बजाय सिर्फ नाम बदलने पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर चोरी और परीक्षा से जुड़े मामलों पर सरकार गंभीर नहीं है और लगातार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

पीसी शर्मा ने कहा कि देश में पहले नीट परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया, मध्य प्रदेश में व्यापम जैसे चर्चित मामले हो चुके हैं और अब आरजीपीवी पेपर चोरी का मामला सामने आया है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

वहीं दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी पीसी शर्मा ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार भाजपा को दतिया में हार का सामना करना पड़ा था और इस बार भी जनता उसे सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं और इसी सिलसिले में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए।

पीसी शर्मा ने आरोप लगाया कि दतिया विधानसभा सीट को भाजपा ने सोची-समझी रणनीति के तहत खाली कराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं से परेशान है। महिलाओं, युवाओं और आम लोगों में सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है और इसका असर उपचुनाव में साफ दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *