दिल्ली में मनाएंगे जन्मदिन पंडित धीरेंद्र शास्त्री, ज्ञान-दान-ध्यान दिवस के रूप में होगा विशेष आयोजन

छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस बार अपना जन्मदिन दिल्ली में मनाने जा रहे हैं। 4 जुलाई को आने वाला उनका जन्मोत्सव इस बार राजधानी के भारत मंडपम में विशेष रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को ज्ञान-दान-ध्यान दिवस के रूप में मनाने की तैयारी की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन हर साल बागेश्वर धाम में मनाया जाता रहा है, लेकिन इस बार पहली बार दिल्ली में बड़े स्तर पर आयोजन रखा गया है। जन्मोत्सव को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे सेवा और आध्यात्मिक संदेश से जोड़ने की कोशिश की गई है।

अपने जन्मदिन के अवसर पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भक्तों से विशेष अपील भी की है। उन्होंने कहा कि राम नाम का जप करें, हनुमान जी का ध्यान करें और कम से कम एक बेटी की शिक्षा का संकल्प लें। उन्होंने शिक्षा दान को महादान बताते हुए समाज से बेटियों की पढ़ाई में सहयोग करने की बात कही।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी पंडित धीरेंद्र शास्त्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री की वाणी, साधना और लोककल्याण की भावना समाज को आध्यात्मिक चेतना प्रदान करती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *