खंडवा। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे के दौरान धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी पत्नी अनुराधा के साथ प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर महादेव के दर्शन किए और पूरे विधि-विधान से विशेष पूजन-अर्चन में भाग लिया।
ओंकारेश्वर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन ने मुख्य चुनाव आयुक्त का स्वागत किया। मंदिर के पुजारियों और तीर्थ पुरोहितों ने उन्हें गर्भगृह में जलाभिषेक और पंचामृत अभिषेक कराया। इसके बाद ज्ञानेश कुमार और उनकी पत्नी ने बाबा ममलेश्वर की महाआरती में शामिल होकर देश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि उन्हें और उनकी पत्नी को बाबा ममलेश्वर के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि दोनों ने भगवान से प्रार्थना की है कि भारत के लोकतंत्र पर सदैव उनकी कृपा बनी रहे और देश में मजबूत तथा पारदर्शी लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि बाबा ममलेश्वर से देश के सभी मतदाताओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण की भी प्रार्थना की गई है। धार्मिक दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त अपने दौरे के अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उनकी सुरक्षा व्यवस्था और अगवानी में मौजूद रहे।

