साइकिल पर सवार होकर सीहोर पहुंचे जीतू पटवारी, BJP को बताया ‘अलीबाबा 40 चोर’ की सरकार, राम मंदिर और महाकाल लोक को लेकर साधा निशाना

सीहोर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार सुबह अपने अलग अंदाज में सीहोर पहुंचे। जनता के बीच पहुंचने और सीधे संवाद का संदेश देने के लिए वे साइकिल चलाते हुए शहर की सड़कों पर नजर आए। सीहोर पहुंचने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

सीहोर पहुंचने के बाद जीतू पटवारी सबसे पहले प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर से बाहर आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और भाजपा सरकार ‘अलीबाबा 40 चोर’ की सरकार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या से जुड़े कथित जमीन विवाद, महाकाल लोक और राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामलों पर सरकार जवाब देने से बच रही है। उनके अनुसार इन मुद्दों पर मुख्यमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने शिक्षा को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस 14 और 15 तारीख को पूरे मध्य प्रदेश में जनहित से जुड़ा बड़ा अभियान शुरू करेगी। इस अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग को मजबूत करना है, ताकि आर्थिक स्थिति या सामाजिक पृष्ठभूमि किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने।

दतिया उपचुनाव को लेकर भी जीतू पटवारी ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि हालिया दौरे के दौरान उन्हें वहां जनता में भाजपा सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि दतिया की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आगामी चुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *