शादी के तीसरे दिन दुल्हन हुई फरार! गहने लेकर गायब होने का आरोप, इंसाफ की गुहार लेकर जनसुनवाई पहुंचे पीड़ित

बुधनी (सीहोर) मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी तहसील के भेरूंदा क्षेत्र से कथित लुटेरी दुल्हन का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि एक दलाल के जरिए शादी तय कराई गई, लेकिन विवाह के महज तीन दिन बाद ही नई दुल्हन घर में रखे कीमती गहने लेकर अचानक गायब हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार के होश उड़ गए।

परिजनों के मुताबिक, दलाल ने भरोसा दिलाकर रिश्ता तय कराया था और सभी रीति-रिवाजों के साथ शादी संपन्न हुई। परिवार ने नई बहू का स्वागत किया, लेकिन शादी के सिर्फ तीन दिन बाद वह घर में रखे कीमती आभूषण लेकर बिना किसी को बताए चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत भेरूंदा थाने में लिखित रूप से की और कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस कार्रवाई होती दिखाई नहीं दी।

पुलिस से राहत नहीं मिलने पर पीड़ित परिवार सीहोर में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा और अधिकारियों को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की। परिवार ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *