भोपाल। मध्य प्रदेश के लिए खेल जगत से शानदार खबर सामने आई है। भुवनेश्वर में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर इंडिया में SAI भोपाल की एथलीट पूजा ओला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
पूजा ओला ने शुरुआत से ही रेस में अपनी पकड़ बनाए रखी और शानदार गति के साथ दौड़ती रहीं। जैसे-जैसे मुकाबला निर्णायक चरण में पहुंचा, पूजा ने अपनी रफ्तार और बढ़ा दी और दमदार फिनिश के साथ सभी प्रतिद्वंदियों को पीछे छोड़ दिया।
पूजा ने 1500 मीटर की रेस 4 मिनट 17.24 सेकंड में पूरी की और पहला स्थान हासिल करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
उनके इस प्रदर्शन ने न सिर्फ SAI भोपाल का नाम रोशन किया, बल्कि मध्य प्रदेश और देश को भी गौरवान्वित किया है।
पूजा ओला की इस शानदार उपलब्धि पर SAI मध्य क्षेत्रीय केंद्र भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक सिंह चौहान ने उन्हें बधाई दी है।
उन्होंने पूजा की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि SAI भोपाल और भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व का विषय है।
पूजा ओला की इस स्वर्णिम जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मध्य प्रदेश की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान बना रही हैं।
अब पूजा ओला की इस सफलता के बाद खेल प्रेमियों को उनसे आने वाली प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

