भोपाल। दतिया उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच चुनावी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल अभिनंदन पाठक की एंट्री ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अभिनंदन पाठक दतिया पहुंच चुके हैं और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसंपर्क और प्रचार अभियान चलाएंगे।
अभिनंदन पाठक उत्तर प्रदेश के काशी के रहने वाले हैं और अपनी वेशभूषा, शैली और व्यक्तित्व के कारण लंबे समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल के रूप में पहचाने जाते हैं। इससे पहले भी वे कई चुनावों में भाजपा के पक्ष में प्रचार कर चुके हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने विभिन्न राज्यों में जाकर भाजपा के लिए प्रचार किया था।
दतिया पहुंचने के बाद अभिनंदन पाठक ने कहा कि यह मां पीतांबरा की पावन धरती है और वे यहां की जनता से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को समर्थन देने की अपील करने आए हैं। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और मतदान करने की भी अपील की।
इधर, भारतीय जनता पार्टी ने दतिया उपचुनाव के लिए अपने संगठनात्मक ढांचे को भी मजबूत करना शुरू कर दिया है। पार्टी ने ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाहा को उपचुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को सहप्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनावी रणनीति और प्रबंधन में दोनों नेताओं की अहम भूमिका रहने वाली है।
दतिया उपचुनाव की प्रक्रिया भी अब अपने अंतिम चरणों की ओर बढ़ रही है। नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची सामने आएगी और इसके बाद चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में अब सभी की नजरें दतिया उपचुनाव पर टिकी हैं, जहां आने वाले दिनों में सियासी मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।

