भारत टेक्स-2026 में निवेशकों से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश में निवेश के लिए देंगे न्योता

भोपाल/नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे देश और विदेश के प्रमुख उद्योगपतियों, टेक्सटाइल कंपनियों और वैश्विक निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भारत टेक्स-2026 में मध्यप्रदेश की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक ढांचे और टेक्सटाइल सेक्टर में उपलब्ध अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर सेक्टर में नए निवेश, रोजगार सृजन, निर्यात बढ़ाने और तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

भारत मंडपम में मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश पवेलियन का भी निरीक्षण करेंगे। इस पवेलियन में राज्य की औद्योगिक नीतियों, कौशल विकास कार्यक्रमों और धार जिले में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही “फार्म टू फैशन” की अवधारणा पर आधारित मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल इकोसिस्टम को भी निवेशकों के सामने रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टेक्सटाइल एवं गारमेंट सेक्टर से जुड़े प्रमुख उद्योगपतियों के साथ आयोजित राउंड टेबल चर्चा में भी भाग लेंगे। इस बैठक में निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धा, लॉजिस्टिक्स, सतत विनिर्माण और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह सहित 100 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री होटल द लीला में आयोजित “मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर” विषयक इंटरैक्टिव सत्र को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वे उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को प्रदेश में उपलब्ध निवेश सुविधाओं और औद्योगिक प्रोत्साहनों की जानकारी देंगे।

राज्य सरकार का दावा है कि मध्यप्रदेश देश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेश गंतव्यों में तेजी से उभर रहा है। कपास उत्पादन से लेकर गारमेंट निर्माण तक पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन राज्य में उपलब्ध है। मध्यप्रदेश देश का सबसे बड़ा ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य भी है, जो वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उद्योग संगठनों के साथ समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर प्रस्तावित हैं। इन समझौतों का उद्देश्य औद्योगिक सहयोग, कौशल विकास, निवेश संवर्धन और निर्यात को बढ़ावा देना है।

भारत टेक्स-2026 के मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का भी आमंत्रण देंगे और उन्हें मध्यप्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा का भागीदार बनने के लिए प्रेरित करेंगे।

टेक्सटाइल सेक्टर के अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी यानी फेथ कॉन्क्लेव-2026 में भी हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में पर्यटन, आर्थिक विकास और रोजगार सृजन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा मध्यप्रदेश में निवेश और पर्यटन के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में अहम साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *