भाजपा नेता का दावा, RJD को इस बार बिहार में 10 सीटें भी नहीं मिलेगी, खतरनाक प्लान से जनता रहे सावधान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल गरमा चुका है, और इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा — “तेजस्वी यादव की नौकरी देने की घोषणा सिर्फ छलावा है, एक ऐसा जाल जिसमें गरीबों के हक और सरकारी योजनाओं को खत्म करने की साजिश छिपी है।”

संजय जायसवाल ने सवाल उठाया — “अगर हर परिवार को सरकारी नौकरी दे दी जाएगी, तो फिर राशन, जन वितरण प्रणाली और बाकी कल्याणकारी योजनाओं का क्या होगा? क्या तेजस्वी यादव चाहते हैं कि गरीबों से उनका राशन और लाभ छीन लिया जाए?”

उन्होंने कहा कि महागठबंधन का घोषणापत्र बिहार की जनता को सिर्फ भ्रमित करने के लिए तैयार किया गया है। आरजेडी और तेजस्वी यादव बार-बार झूठे वादों का सहारा लेकर लोगों को बहकाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके पास न ठोस योजना है, न प्रशासनिक अनुभव। उन्होंने कहा — “बिहार की जनता बहुत समझदार है, जिसने जंगलराज देखा है… और अब कोई उस अंधेरे दौर में लौटना नहीं चाहता।”

भाजपा नेता ने चेतावनी दी — “महागठबंधन की नीतियां बिहार के लिए खतरनाक प्लान हैं। अगर आरजेडी सत्ता में आई, तो जनकल्याण योजनाएं जैसे राशन, आवास, स्वास्थ्य बीमा और छात्रवृत्ति सब पर असर पड़ेगा। यह योजना बिहार के लोगों को सरकारी तंत्र में उलझाने की साजिश है — ताकि असली अधिकार उनसे छिन जाएं।”

संजय जायसवाल ने दावा किया कि इस बार बिहार की जनता महागठबंधन को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा — “तेजस्वी यादव का झूठ अब नहीं चलेगा। जनता उनके वादों को भली-भांति पहचान चुकी है। इस बार आरजेडी को 10 सीटें भी नसीब नहीं होंगी।”

अंत में उन्होंने कहा कि NDA सरकार के नेतृत्व में बिहार ने सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो प्रगति की है, वो हर घर देख और महसूस कर रहा है। “बिहार अब विकास की राह पर है, और जनता तय कर चुकी है कि उसे वापस अंधेरे में नहीं लौटना।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *