300 साल पुरानी आस्था का संगम! मनोरा में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, लाखों श्रद्धालु पहुंचे

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की ग्यारसपुर तहसील स्थित ग्राम मनोरा में भगवान जगन्नाथ की करीब 300 साल पुरानी ऐतिहासिक रथयात्रा इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। सुबह तड़के 5 बजे भगवान जगन्नाथ का रथ मंदिर परिसर से रवाना हुआ, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

रथयात्रा के दौरान पूरे मनोरा धाम में भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। भगवान जगन्नाथ के जयकारों और भजन-कीर्तन के बीच हजारों श्रद्धालु रथ के साथ चलते नजर आए। प्रशासन का अनुमान है कि तीन दिवसीय रथयात्रा और मेले के दौरान करीब दो लाख श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे।

प्रदेश के विभिन्न जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पहुंचे। लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगल कामना की।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। आयोजन स्थल पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 35 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, जबकि ड्रोन के जरिए भी पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सागर मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वहीं, मंदिर से करीब 200 मीटर पहले खेतों में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

करीब तीन शताब्दियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। मनोरा की यह ऐतिहासिक रथयात्रा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत बनाए हुए है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *