इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लिए गर्व का एक और अवसर सामने आया है। शहर की हाई कोर्ट एडवोकेट डॉ. रुपाली राठौर को उत्तर प्रदेश राज्य विधान मंडल पेंशनर्स संस्थान, लखनऊ में निदेशक पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति के साथ डॉ. रुपाली राठौर ने न सिर्फ इंदौर, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है।
डॉ. रुपाली राठौर की नियुक्ति लखनऊ विधानसभा भवन के कक्ष क्रमांक-44 में आयोजित संस्थान की मासिक बैठक के दौरान की गई। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान आयोजित सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं, लखनऊ कैंटोनमेंट के उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा और नेहरू युवा केंद्र के चेयरमैन रामपाल शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में डॉ. रुपाली राठौर को उनके सामाजिक, कानूनी और जनसेवा से जुड़े योगदान के लिए ‘राष्ट्र सेवा गौरव सम्मान-2026’ से भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से संस्थान को नई दिशा मिलेगी।
जैसे ही इस उपलब्धि की खबर इंदौर पहुंची, शहर में खुशी की लहर दौड़ गई। समाजसेवी संस्थाओं, अधिवक्ताओं, राजनीतिक प्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने डॉ. रुपाली राठौर को बधाई देते हुए इसे इंदौर के लिए गौरव का विषय बताया।
डॉ. रुपाली राठौर ने इस सम्मान और नई जिम्मेदारी के लिए संस्थान के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी और समाज तथा राष्ट्रहित में लगातार कार्य करती रहेंगी।
इंदौर की इस बेटी की उपलब्धि एक बार फिर यह साबित करती है कि प्रतिभा और समर्पण के दम पर देश के किसी भी मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है।

