दतिया उपचुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर! अवधेश नायक ने थामा कांग्रेस का दामन, घनश्याम सिंह के समर्थन में उतरे मैदान में

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। पिछले कई दिनों से पूर्व राज्यमंत्री अवधेश नायक के राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर अब आखिरकार विराम लग गया है। अवधेश नायक ने भाजपा का साथ छोड़ कांग्रेस के समर्थन में खुलकर मैदान संभाल लिया है।

कांग्रेस का गमछा पहनकर अवधेश नायक अब कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करते नजर आ रहे हैं। उनके इस कदम ने दतिया की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है।

अवधेश नायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “आज से कांग्रेस पार्टी का प्रचार करना है।” इतना ही नहीं, उन्होंने अपने परिचय में खुद को ‘अवधेश नायक, कांग्रेस नेता’ भी बताया। इसके बाद से यह साफ हो गया कि उन्होंने अपनी राजनीतिक दिशा तय कर ली है।

बताया जा रहा है कि भाजपा की ओर से उन्हें मनाने और वापस लाने की लगातार कोशिशें की जा रही थीं, लेकिन उन्होंने कांग्रेस के साथ खड़े रहने का फैसला किया। ऐसे में दतिया उपचुनाव के समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

अवधेश नायक की क्षेत्र में अच्छी पकड़ मानी जाती है और उनका प्रभाव स्थानीय राजनीति में लंबे समय से रहा है। यही वजह है कि उनके कांग्रेस के समर्थन में आने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अवधेश नायक का यह फैसला कांग्रेस के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकता है, वहीं भाजपा के लिए इसे एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अवधेश नायक की एंट्री दतिया उपचुनाव के नतीजों पर कितना असर डालती है और क्या यह फैसला चुनावी मुकाबले को और ज्यादा रोचक बना देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *