‘साहब! मेरी बीवी मुझे छोड़कर चली गई’… पत्नी के गम में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के विजयपुर कस्बे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से परेशान एक युवक पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि उसने पुलिस से कई बार मदद की गुहार लगाई, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।

घटना विजयपुर के बस स्टैंड परिसर की है, जहां मौजूद पानी की टंकी पर युवक अचानक चढ़ गया। टंकी के ऊपर से वह लगातार अपनी आपबीती सुनाता रहा। युवक का कहना था, “मेरी पत्नी मुझे छोड़कर चली गई है। मैंने उसे वापस लाने के लिए पुलिस से शिकायत की, लेकिन मेरी कहीं सुनवाई नहीं हो रही।”

देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पानी की टंकी पर युवक के चढ़ने की खबर पूरे इलाके में फैल गई और बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया गया।

प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक को भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और हर संभव मदद की जाएगी। हालांकि, युवक काफी नाराज दिखाई दिया और वह लंबे समय तक नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ।

पानी की टंकी काफी ऊंची होने के कारण प्रशासन बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाता रहा। अधिकारियों ने किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए और युवक को बातचीत के जरिए शांत करने की कोशिश की।

इस पूरे घटनाक्रम के चलते बस स्टैंड क्षेत्र में घंटों तक तनाव का माहौल बना रहा। फिलहाल, प्रशासन की ओर से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार जारी रहे और लोगों की निगाहें इसी पर टिकी रहीं कि आखिर यह हाई वोल्टेज ड्रामा कैसे खत्म होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *