पहली बार ओंकारेश्वर पहुंचीं DIG सिमाला प्रसाद, सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का लिया जायजा

खंडवा। निमाड़ रेंज की नव नियुक्त डीआईजी सिमाला प्रसाद पहली बार ओंकारेश्वर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर अपनी यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर, सुरक्षा व्यवस्थाओं और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।

डीआईजी सिमाला प्रसाद ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी त्योहारों और बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी थाना मांधाता के सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी पहुंचीं। यहां उन्होंने कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया और वायरलेस सेट के जरिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने मोरटक्का क्षेत्र सहित सिंहस्थ-2028 से जुड़े निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगी।

डीआईजी सिमाला प्रसाद का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले वर्षों में सिंहस्थ-2028 के आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस की तैयारियां लगातार तेज की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *