सरकारी स्कूल में बच्चों के हाथों में झाड़ू! भिलाई गांव का वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बुधनी। मध्य प्रदेश के भेरूंदा विकासखंड से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में छोटे-छोटे स्कूली बच्चे हाथों में झाड़ू लेकर स्कूल परिसर की सफाई करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो भेरूंदा विकासखंड के आदिवासी बाहुल्य ग्राम भिलाई स्थित माध्यमिक शाला का है। वीडियो में कई छात्र और छात्राएं स्कूल परिसर में सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि जिन बच्चों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, उनके हाथों में झाड़ू क्यों थमा दी गई? अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को शिक्षा हासिल करने के लिए स्कूल भेजते हैं, न कि सफाई कार्य करवाने के लिए।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जब स्कूलों के रखरखाव और सफाई के लिए सरकार की ओर से बजट और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, तो फिर बच्चों से इस तरह का काम क्यों कराया जा रहा है।

अब इस मामले में सभी की नजरें शिक्षा विभाग पर टिकी हैं। क्या जिला शिक्षा विभाग इस वायरल वीडियो की जांच कराएगा? यदि वीडियो सही पाया जाता है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होगी? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।

फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *