15 दिन से लापता 17 वर्षीय किशोरी, पुलिस के हाथ खाली; परिजनों को सता रहा अनहोनी का डर

 सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां 17 वर्षीय एक किशोरी पिछले 15 दिनों से लापता है। समय बीतने के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है और परिजन अब किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बसौड़ा गांव निवासी अंगिरावती केवट 7 जुलाई को अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों का कहना है कि वह दोपहर तक घर पर मौजूद थी, लेकिन कुछ समय बाद जब परिवार के लोगों ने उसे देखा, तो वह कहीं दिखाई नहीं दी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

परिवार ने पहले रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन जब कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत मिलने के बाद गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया, लेकिन 15 दिन गुजर जाने के बाद भी किशोरी का कोई पता नहीं चल पाया है।

परिजनों का आरोप है कि अब तक ऐसी कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे उनकी बेटी तक पहुंचने की उम्मीद बंध सके। बेटी की चिंता में परिवार का बुरा हाल है और घर में लगातार डर और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 15 दिन बाद भी नाबालिग का कोई सुराग क्यों नहीं मिला? क्या जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है? और इस मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई क्या होगी?

फिलहाल, पूरा परिवार अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहा है और प्रशासन से जल्द से जल्द उसे तलाशने की मांग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *