रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बरेली तहसील के ग्राम नयागांव के पास करोड़ों रुपये की लागत से बने नए पुल की साइड तेज बारिश के बाद धंस गई है। बताया जा रहा है कि इस पुल का निर्माण करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था और इसे हाल ही में आम लोगों के लिए शुरू किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, बरेली-पिपरिया-छिंदवाड़ा मार्ग को जोड़ने वाले इस पुल की एप्रोच साइड दो दिनों की लगातार बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि पुल को शुरू हुए अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ था और पहली ही तेज बारिश में इसकी स्थिति खराब हो गई।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर करीब सात महीने पहले पुराने पुल की मरम्मत के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बाद नए पुल के निर्माण का काम शुरू किया गया था, जिसे जून के अंत में पूरा कर लिया गया था।
अब पुल की साइड धंसने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान नहीं रखा गया। उनका कहना है कि पुल की साइड पर पर्याप्त सुरक्षा और मजबूत निर्माण सामग्री का उपयोग नहीं किया गया, जिसके चलते पहली ही बारिश में यह स्थिति सामने आ गई।
हालात ऐसे हैं कि आसपास पानी भरा होने के बावजूद कुछ लोग जोखिम उठाकर पुल पार करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अगर पहली ही बारिश में पुल की यह हालत हो जाए, तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना लाजिमी है।
फिलहाल, इस घटना के बाद एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

