नौगांव में माहौल बिगाड़ने की कोशिश? जैन और साईं मंदिर के सामने मिले पशु अवशेष, व्यापारियों ने बंद रखा बाजार

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। मुख्य बाजार और धार्मिक स्थलों के पास पशु अवशेष मिलने के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप व्यापारियों ने करीब दो घंटे तक बाजार बंद रखकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, नौगांव के मुख्य सराफा बाजार, जैन मंदिर और साईं मंदिर के सामने शनिवार सुबह अज्ञात लोगों द्वारा मुर्गी के पंख, पंजे और बकरे की खाल जैसे अवशेष फेंके हुए मिले। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

बताया जा रहा है कि नगर में सफाई कर्मचारियों की पिछले छह दिनों से हड़ताल चल रही है। ऐसे में शुक्रवार रात व्यापारियों ने स्वयं बाजार की सफाई की थी। लेकिन अगले ही दिन धार्मिक स्थलों और बाजार क्षेत्र में पशु अवशेष मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई। स्थानीय नागरिकों ने इसे शहर के शांतिपूर्ण माहौल को प्रभावित करने की कोशिश बताया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम, एसडीओपी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। व्यापारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना विरोध समाप्त करते हुए बाजार दोबारा खोल दिया।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे कौन लोग हैं। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर इस संवेदनशील मामले में कब तक सच सामने आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *