दमोह में दर्दनाक हादसा: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रजपुरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, मृत बच्चों की पहचान संजू यादव और भविष्य यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे गांव के पास बने पानी से भरे गड्ढे में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला गया और डायल-112 की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल हटा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह गड्ढा पेट्रोल पंप निर्माण के लिए खोदा गया था। बारिश के बाद इसमें पानी भर गया था, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढा काफी गहरा था और इसी वजह से बच्चों को बचाया नहीं जा सका।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खुले और खतरनाक गड्ढों को तुरंत बंद किया जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था बनाई जाए।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन खुले और जानलेवा गड्ढों की जिम्मेदारी किसकी है, और कब तक मासूमों की जान इस तरह लापरवाही की भेंट चढ़ती रहेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *