पत्नी ने साथ चलने से किया इनकार, तो देसी कट्टा लेकर ससुराल पहुंच गया शराबी पति! फायरिंग के बाद 3 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

 ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी के साथ वापस न आने से नाराज एक शराबी पति देसी कट्टा लेकर अपनी ससुराल पहुंच गया। आरोपी ने न सिर्फ जमकर हंगामा किया, बल्कि अपने चचिया ससुर पर फायरिंग भी कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया।

यह पूरा मामला ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र के ग्राम सौजना का है। जानकारी के मुताबिक, रोमा नाम की महिला की शादी पुरानी छावनी निवासी जोगेंद्र सिंह राणा गुर्जर से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि जोगेंद्र शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। परेशान होकर रोमा अपने दो बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थी।

बताया जा रहा है कि जोगेंद्र अपनी पत्नी को वापस ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था, लेकिन जब रोमा ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया, तो वह आगबबूला हो गया। कुछ देर बाद वह देसी कट्टा लेकर वापस आया और घर की छत पर चढ़कर गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि इसी दौरान उसने अपने चचिया ससुर अरविंद गुर्जर को जान से मारने की धमकी दी और उन पर फायर भी कर दिया। हालांकि, अरविंद गुर्जर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी छत पर लोडेड कट्टा लेकर बैठा रहा। करीब ढाई से तीन घंटे तक पुलिस उसे समझाने का प्रयास करती रही। आखिरकार थाना प्रभारी ने सूझबूझ से काम लेते हुए आरोपी का भरोसा जीता।

बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में बीड़ी पी रहा था। इसी दौरान बातचीत करते हुए थाना प्रभारी ने सही मौका देखकर पहले उसके हाथ से कट्टा छीन लिया और फिर उसमें भरा कारतूस निकालकर उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इस पूरी घटना के वीडियो गांव के लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

पुलिस ने आरोपी जोगेंद्र सिंह राणा गुर्जर के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *