कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं पर मेहरबान MP सरकार! 25-25 लाख रुपये और सरकारी नौकरी का बड़ा ऐलान

भोपाल। कॉमनवेल्थ गेम्स में देश और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए डॉ. मोहन यादव सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। इस ऐलान के बाद प्रदेश के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के खिलाड़ी भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की बेटी यामिनी मौर्य और बेटे अजय बाबू ने पदक जीतकर पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है और यह सभी के लिए गर्व का क्षण है।

खेल मंत्री ने बताया कि यामिनी मौर्य ने जूडो प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है, जबकि अजय बाबू ने वेटलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। सरकार ने दोनों खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी देने का फैसला किया है।

खेल मंत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि कॉमनवेल्थ गेम्स में अभी कई मुकाबले बाकी हैं और आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के अन्य खिलाड़ी भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश की झोली में और पदक जोड़ेंगे। सरकार का कहना है कि खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन देकर प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *