ग्वालियर में IG को मिली अनोखी विदाई! आरक्षक ने दांतों से खींची फूलों से सजी कार, देखते रह गए लोग

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और आईजी अरविंद सक्सेना की सेवानिवृत्ति पर ऐसा विदाई समारोह देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्हें पारंपरिक नहीं, बल्कि बेहद अनोखे अंदाज में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

विदाई समारोह के दौरान पुलिस आरक्षक सुनील यादव ने अपनी अद्भुत ताकत का प्रदर्शन करते हुए फूलों से सजी कार को दांतों के सहारे खींचकर सभी को हैरान कर दिया। इस कार में सेवानिवृत्त आईजी अरविंद सक्सेना सवार थे। आरक्षक ने आईजी कार्यालय परिसर से लेकर मुख्य सड़क तक कार को दांतों से खींचा और फिर उन्हें सैल्यूट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज सुनाई देती रही और माहौल भावुक भी नजर आया।

बताया जा रहा है कि आरक्षक सुनील यादव इससे पहले भी अपनी ताकत का प्रदर्शन कर चुके हैं। वे दांतों से ट्रैक्टर और ट्रक खींचने जैसे कई हैरतअंगेज कारनामे कर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।

विदाई समारोह में डीआईजी असित यादव, एसएसपी धर्मवीर सिंह समेत पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त आईजी अरविंद सक्सेना को इस अनोखी और यादगार विदाई ने पूरे समारोह को खास बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *