टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पलेरा तहसील अंतर्गत बराना गांव में जल संकट को लेकर लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी और पाइपलाइन बनने के बावजूद पिछले दो वर्षों से घरों तक एक बूंद पानी नहीं पहुंचा। इससे नाराज ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई पानी की टंकी और घर-घर बिछाई गई पाइपलाइन केवल दिखावा बनकर रह गई है। नल-जल योजना का लाभ आज तक गांव के लोगों को नहीं मिल पाया। पानी की किल्लत के कारण महिलाओं और बच्चों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पलेरा तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही गांव के हर घर तक पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाएगी और समस्या का समाधान किया जाएगा।
तहसीलदार के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं और ग्रामीण पानी की टंकी से नीचे उतर आए और अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल कराने की बात कही है।

