25 हजार फॉलोअर्स हैं… तभी मंडल अध्यक्ष! बीजेपी विधायक ने बूथ अध्यक्ष से लेकर मंडल अध्यक्ष तक तय कर दिया सोशल मीडिया टारगेट

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा से बीजेपी विधायक महेंद्र यादव का एक बयान इन दिनों चर्चा में है। भाजपा की मासिक बैठक के दौरान विधायक ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए सोशल मीडिया फॉलोअर्स का बाकायदा लक्ष्य तय करने की बात कही।

मंडल अध्यक्ष के लिए 25 हजार फॉलोअर्स का टारगेट

वायरल वीडियो में विधायक महेंद्र यादव कहते नजर आ रहे हैं कि मंडल अध्यक्ष के कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होने चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि जिस मंडल अध्यक्ष के 25 हजार फॉलोअर्स होंगे, वही मंडल अध्यक्ष कहलाने के लायक है।

इसके साथ ही विधायक ने शक्ति केंद्र प्रभारी के लिए 5 हजार और बूथ अध्यक्ष के लिए 1 हजार सोशल मीडिया फॉलोअर्स का लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में इन फॉलोअर्स की समीक्षा भी की जाएगी।

‘मोदी जी के 100 मिलियन हो सकते हैं, तो हमारे क्यों नहीं?’

अपने बयान में विधायक महेंद्र यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि अगर मोदी जी के 100 मिलियन फॉलोअर्स हो सकते हैं, तो पार्टी के दूसरे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के भी फॉलोअर्स होने चाहिए।

सोशल मीडिया फॉलोअर्स पर गरमाई सियासत

अब बीजेपी की मासिक बैठक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। विधायक के इस बयान ने संगठन में पद और सोशल मीडिया लोकप्रियता के संबंध को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सवाल यह उठ रहा है कि क्या आने वाले समय में भाजपा संगठन में किसी पदाधिकारी की सक्रियता और उसकी संगठनात्मक भूमिका के साथ-साथ सोशल मीडिया फॉलोअर्स भी उसकी पहचान और प्रभाव का एक पैमाना बनने जा रहे हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *