टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल की कक्षा-1 में पढ़ने वाली मासूम छात्रा के साथ मारपीट के बाद उसके कान के पर्दे में छेद होने का आरोप लगाया गया है। मामला टीकमगढ़ शहर के पुष्पा इंग्लिश मीडियम स्कूल का है, जहां छात्रा सांभवी तिवारी के माता-पिता ने स्कूल की अध्यापिका अमृता सिंह पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
मासूम के कान में दर्द, डॉक्टर ने बताई गंभीर चोट
छात्रा के पिता राजेश तिवारी का आरोप है कि 15 जुलाई को स्कूल में अध्यापिका ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की थी। घटना के बाद से बच्ची लगातार कान में दर्द की शिकायत कर रही थी। इसके बाद जब उसे डॉक्टर को दिखाया गया तो जांच में कान के पर्दे में छेद होने की बात सामने आई। परिवार का दावा है कि उन्होंने डॉक्टर की रिपोर्ट स्कूल प्रबंधन को भी दिखाई थी।
इलाज के बजाय बच्ची को थमा दी टीसी, माता-पिता ने लगाए गंभीर आरोप
बच्ची के पिता का आरोप है कि शुरुआत में स्कूल प्रबंधन ने इलाज में सहयोग करने की बात कही, लेकिन बाद में बच्ची का इलाज कराने के बजाय उसका नाम स्कूल से काट दिया गया और टीसी दे दी गई। परिवार का कहना है कि स्कूल प्रबंधन अब भी संबंधित शिक्षिका का बचाव कर रहा है, जिसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत टीकमगढ़ कलेक्टर से की।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
माता-पिता की शिकायत के बाद टीकमगढ़ कलेक्टर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि बच्ची के साथ वास्तव में क्या हुआ था और उसकी चोट किस वजह से आई।
स्कूल प्रबंधन ने माना, टीचर ने बच्ची को मारा था
वहीं स्कूल प्रबंधन ने यह स्वीकार किया है कि शिक्षिका ने बच्ची को मारा था। हालांकि, प्रिंसिपल का कहना है कि मारपीट गंभीर नहीं थी। उनका दावा है कि स्कूल ने बच्ची के इलाज में सहयोग करने की कोशिश की थी और नाक-कान-गला विशेषज्ञों से भी संपर्क किया गया था, लेकिन परिजन बच्ची का इलाज ग्वालियर में कराना चाहते थे।
टीसी को लेकर भी स्कूल और परिवार के दावे अलग
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बच्ची की टीसी स्कूल ने खुद नहीं काटी, बल्कि उसके माता-पिता ने नाम कटवाने के लिए आवेदन दिया था। वहीं परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने उनकी बेटी को स्कूल से निकाल दिया।
अब इस पूरे मामले में कलेक्टर के आदेश के बाद होने वाली जांच पर सबकी नजर है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि मासूम छात्रा के साथ मारपीट की घटना किस तरह हुई और उसके कान में लगी चोट के लिए जिम्मेदारी किसकी है।

