उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन की बेटी निकिता पोरवाल अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। ‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024’ का खिताब जीत चुकीं निकिता वियतनाम में आयोजित 73वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत की उम्मीद बनकर पहुंची हैं।
दुनिया के करीब 120 देशों की प्रतिभागियों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 5 सितंबर 2026 को वियतनाम में होगा। खास बात यह है कि निकिता मध्य प्रदेश से इस स्तर तक पहुंचने वाली पहली प्रतिभागी हैं, जिससे उज्जैन और पूरे मध्य प्रदेश में उनके नाम को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
इसी बीच मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता से जुड़ा निकिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में निकिता सात अलग-अलग देशों की सुंदरियों के साथ बॉलीवुड के मशहूर गाने ‘ओम शांति ओम’ पर डांस करती नजर आ रही हैं।
निकिता के साथ ग्वाटेमाला, कोलंबिया, मलेशिया, वेनेजुएला, वियतनाम और डोमिनिकन रिपब्लिक की प्रतिभागियां भी नजर आ रही हैं। अलग-अलग देशों की सुंदरियों का बॉलीवुड गाने पर एक साथ डांस करना लोगों को खूब पसंद आ रहा है और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
निकिता का मिस वर्ल्ड का सफर 9 अगस्त से वियतनाम में शुरू हो चुका है। रजिस्ट्रेशन, ओरिएंटेशन और ट्रेनिंग के बाद अब प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड में प्रतिभागियों के बीच मुकाबला जारी है।
निकिता का जन्म उज्जैन में हुआ है और साल 2024 में मुंबई में आयोजित फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड प्रतियोगिता का खिताब जीतकर उन्होंने मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया था। इसके बाद से ही वह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थीं।
लेकिन निकिता की पहचान सिर्फ एक ब्यूटी क्वीन के तौर पर नहीं है। वह अभिनेत्री, लेखिका, नाटककार और थिएटर कलाकार भी हैं। उन्होंने महज आठ साल की उम्र में अपनी पहली किताब लिखी थी और बाद में करीब 350 पन्नों का नाटक ‘कृष्णा लीला’ भी लिखा।
निकिता अब तक 60 से ज्यादा नाटकों में अभिनय कर चुकी हैं और रंगरेज थिएटर कंपनी में क्रिएटिव डायरेक्टर के तौर पर युवा कलाकारों को मंच देने का काम भी करती हैं। उन्हें शास्त्रीय नृत्य, कविता, हारमोनियम और बांसुरी में भी रुचि और प्रशिक्षण हासिल है।
इतना ही नहीं, निकिता करीब 10 हजार दर्शकों के सामने रामलीला में माता सीता का किरदार भी निभा चुकी हैं। वह आदिवासी महिलाओं और बच्चों के लिए भी काम करती हैं।
अब उज्जैन की यह बेटी दुनिया के सबसे बड़े सौंदर्य मंचों में शामिल मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत की दावेदारी पेश कर रही हैं। ‘ओम शांति ओम’ पर वायरल हुआ उनका वीडियो पहले ही लोगों का ध्यान खींच चुका है और अब सभी की नजरें 5 सितंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं कि क्या महाकाल की नगरी की यह बेटी भारत के लिए मिस वर्ल्ड का ताज जीतने में कामयाब होती हैं।

