जमीन पर नहीं, कागजों में बन रही सड़कें! भ्रष्टाचार के आरोपों पर भड़के बीजेपी विधायक, बोले- ‘मर जाएंगे तब बनाओगे सड़क’

सतना। चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार का गुस्सा सामने आया है। विधायक लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पहुंचे और मुख्य अभियंता के सामने अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर जमकर नाराजगी जताई।

विधायक ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में उनके विधानसभा क्षेत्र में करीब 1100 करोड़ रुपये की सड़कों को मंजूरी मिली, लेकिन कई जगह सड़कें बनने के कुछ समय बाद ही उखड़ गईं।

वहीं विधायक का आरोप है कि कुछ सड़कें ऐसी भी हैं, जो जमीन पर दिखाई नहीं देतीं, लेकिन कागजों में उनका निर्माण पूरा बताया जा रहा है। इसे लेकर उन्होंने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

विधायक ने लोक निर्माण विभाग के मझगवां एसडीओ अश्वनी निगम पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि क्षेत्र की सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

विधायक ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कई अधिकारी विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय पैसे वसूलने में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं।

अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए विधायक ने अधिकारियों पर तंज कसते हुए कहा कि सड़कों का निर्माण समय पर नहीं हो रहा है और हालात ऐसे हैं कि ‘जब हम मर जाएंगे, तब सड़कें बनेंगी।’

विधायक के इस बयान से साफ है कि चित्रकूट में सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों को लेकर मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर गरमा गया है। अब देखना होगा कि विधायक के इन आरोपों के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और क्या जमीन पर अधूरी या खराब सड़कों की स्थिति में कोई बदलाव आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *