नर्मदा की लहरों पर लहराया तिरंगा! ओंकारेश्वर में 151 नावों पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा पूरा इलाका

खंडवा। खंडवा के ओंकारेश्वर में देशभक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां मां नर्मदा की लहरों पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत 151 नावों को तिरंगे से सजाया गया और इन नावों पर सवार होकर लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहराया।

जैसे ही तिरंगे से सजी नावों का काफिला मां नर्मदा की लहरों पर आगे बढ़ा, पूरा नजारा देशभक्ति के रंग में रंग गया। नावों पर सवार लोग भारत माता की जय के नारे लगाते नजर आए और नर्मदा की लहरों के बीच लहराता तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

यह भव्य तिरंगा यात्रा ब्रह्मपुरी घाट से शुरू हुई और गोमुख घाट होते हुए नागर घाट तक पहुंची। यात्रा के दौरान नर्मदा नदी का पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में नजर आया।

तिरंगा यात्रा में मांधाता विधायक नारायण पटेल, नगर परिषद ओंकारेश्वर की सीएमओ मोनिका पारधी समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

यात्रा का उद्देश्य लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना का संदेश देना था। नर्मदा की लहरों पर एक साथ 151 नावों में तिरंगा लहराने का यह नजारा लोगों के लिए यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *