सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को मिलेगी रफ्तार! जगदीश अग्रवाल बने ‘सिंहस्थ मेला प्राधिकरण’ के अध्यक्ष, अनुभव के आधार पर मिली बड़ी जिम्मेदारी

उज्जैन। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच शासन ने एक अहम नियुक्ति की है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, भाजपा नगर अध्यक्ष और उज्जैन विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल को सिंहस्थ मेला प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शासन की ओर से देर शाम इस संबंध में आदेश जारी किए गए।

जगदीश अग्रवाल लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहने के साथ उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और भाजपा के नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन में अभी से तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। वर्तमान में उज्जैन संभागायुक्त और सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह के साथ स्थानीय प्रशासन तैयारियों और अलग-अलग विभागों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहा है।

अब सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर जगदीश अग्रवाल की नियुक्ति के बाद मेला तैयारियों से जुड़े कामों में और तेजी आने की उम्मीद है। शासन और प्रशासन के स्तर पर होने वाले कार्यों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को भी नई गति मिल सकती है।

सिंहस्थ 2028 उज्जैन के लिए बेहद बड़ा आयोजन होने वाला है और इसे देखते हुए सड़क, यातायात, सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, घाटों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

ऐसे में सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में जगदीश अग्रवाल को मिली यह जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव का इस्तेमाल सिंहस्थ की तैयारियों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने में किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *