भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कमला नगर थाना क्षेत्र में SSB में तैनात एक कांस्टेबल ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद मौके से मराठी भाषा में लिखा एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी खत्म करने के बाद उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के मुताबिक घटना कमला नगर थाना क्षेत्र की SSB की 8 नंबर पोस्ट की है। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल ने सुबह करीब साढ़े तीन बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
मौके से मिला मराठी भाषा में सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जो मराठी भाषा में लिखा हुआ बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कांस्टेबल के इस कदम के पीछे व्यक्तिगत कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
महाराष्ट्र का रहने वाला था जवान
मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी 36 वर्षीय संदीप खारवाते के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ने परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
फिलहाल कमला नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर सुसाइड नोट और घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जवान ने आखिर किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।

