इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी टूटने की नाराजगी में एक युवक ने युवती को परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक बदला लेने की नीयत से लगातार युवती का पीछा करता था और अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियां करता था। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शादी टूटने के बाद शुरू हुआ पीछा और परेशान करने का सिलसिला
पूरा मामला हीरानगर थाना क्षेत्र का है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, एक युवती ने पुलिस से शिकायत की थी कि कुछ युवक उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं और अभद्र टिप्पणियां कर उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज समेत दूसरे सबूत जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों में शामिल एक युवक की कुछ समय पहले इसी युवती से शादी तय हुई थी और दोनों की सगाई भी हो चुकी थी।
मनमुटाव के बाद परिवार ने तोड़ी शादी
बताया जा रहा है कि बाद में किसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच मनमुटाव हो गया। इसके बाद युवती के परिवार ने शादी से इनकार कर दिया और उसके पिता ने बेटी की शादी दूसरी जगह तय कर दी।
यही बात आरोपी युवक को नागवार गुजरी। आरोप है कि शादी टूटने के बाद वह युवती से बदला लेने की कोशिश करने लगा और लगातार उसका पीछा करता था।
दोस्तों को भी छेड़छाड़ के लिए उकसाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक ने अपने दोस्तों को भी युवती को परेशान करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने के लिए उकसाया। इसके बाद युवती को लगातार परेशान किया जाने लगा। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की और चारों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवती को कितने समय से परेशान किया जा रहा था और इस घटना में आरोपियों की भूमिका क्या रही। शादी टूटने की नाराजगी में बदले की भावना से युवती को परेशान करने का यह मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

