उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन पहुंचकर सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के मद्देनजर शहर में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले सती गेट पहुंचे, जहां उन्होंने मार्ग चौड़ीकरण के चल रहे काम का जायजा लिया।
सिंहस्थ से पहले सड़कों को किया जा रहा बेहतर
सती गेट क्षेत्र में चल रहा मार्ग चौड़ीकरण का काम सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मार्ग के चौड़ा होने से आने वाले समय में उज्जैन पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और काम को तय मानकों के साथ बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
नए कलेक्टर कार्यालय भवन का भी किया निरीक्षण
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निर्माणाधीन नए कलेक्टर कार्यालय भवन पहुंचे। उन्होंने भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों से इसकी प्रगति तथा निर्माण से जुड़ी अन्य जानकारी ली।
नया कलेक्टर कार्यालय भवन बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की ओर से तैयार किया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद उज्जैन में प्रशासनिक कामकाज के लिए आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

