उज्जैन। ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर गुरुवार को उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। मनु भाकर ने तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
भस्म आरती में भावुक नजर आईं मनु भाकर
सावन के पवित्र महीने में बाबा महाकाल के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देशभर से नेता, अभिनेता और खिलाड़ी उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर भी महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुईं।
भस्म आरती के दौरान मनु भाकर काफी भावुक और अभिभूत नजर आईं। दर्शन के बाद उन्होंने भस्म आरती के अनुभव को अद्भुत बताया और बाबा महाकाल से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं की तारीफ
मनु भाकर ने महाकाल मंदिर में की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां उनका बहुत प्यार से स्वागत किया गया और मंदिर से जुड़े लोगों ने हर स्तर पर उनकी सहायता की। उन्होंने बाबा महाकाल की प्रार्थना और आशीर्वाद सभी पर बने रहने की कामना की।
इस दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से मनु भाकर का स्वागत और सत्कार भी किया गया। बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मनु भाकर का यह आध्यात्मिक अनुभव अब चर्चा में है।

