धार। मध्य प्रदेश के धार जिले से अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। जिस जगह मरीज इलाज और सुकून की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, उसी अस्पताल परिसर में डॉक्टर और स्टाफ तेज संगीत पर डांस करते नजर आए।
मामला सरदारपुर सिविल अस्पताल का बताया जा रहा है, जहां एक डॉक्टर की विदाई के लिए अस्पताल परिसर के हॉल में फेयरवेल पार्टी आयोजित की गई थी। इस दौरान डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारी तेज आवाज में बज रहे संगीत पर डांस और जश्न मनाते दिखाई दिए।
सबसे ज्यादा सवाल इस बात को लेकर उठ रहे हैं कि यह कार्यक्रम मरीजों से महज करीब 10 फीट की दूरी पर आयोजित किया गया था। जिस हॉल में पार्टी चल रही थी, उसके पास ही मरीज भर्ती थे और उनका इलाज किया जा रहा था।
ऐसे में तेज आवाज में बजते संगीत और अस्पताल परिसर में चल रही पार्टी से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होने की बात सामने आई है।
सरदारपुर सिविल अस्पताल जिला मुख्यालय से करीब 35 से 40 किलोमीटर दूर है और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे अस्पताल में मरीजों की सुविधा और शांत माहौल को लेकर जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
लेकिन अब सामने आए इस वीडियो ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि अगर अस्पताल परिसर में कोई निजी कार्यक्रम आयोजित किया भी गया था, तो क्या मरीजों की मौजूदगी में इतनी तेज आवाज में संगीत बजाना और डांस करना उचित था?
मामला सामने आने के बाद सीएमएचओ डॉ. अनीता सिंगारे ने इसे गंभीर विषय बताया है। उन्होंने कहा कि अगर अस्पताल परिसर में डॉक्टरों और कर्मचारियों द्वारा इस तरह का आयोजन किया गया है, तो मामले की जांच कराई जाएगी।
सीएमएचओ के मुताबिक, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि अस्पताल, जहां मरीजों को इलाज और शांति मिलनी चाहिए, वहां फेयरवेल पार्टी के नाम पर तेज संगीत और डांस की अनुमति आखिर कैसे मिली?
अब जांच के बाद ही साफ होगा कि इस मामले में किसकी लापरवाही थी और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

