भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना जिले से जुड़े एक मामले के बाद कांग्रेस ने अपनी ही पार्टी के पदाधिकारी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। राजगढ़ जिले के ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। संगठन प्रभारी संजय कामले ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
होटल में पुलिस की कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, चाचौड़ा में बीते दिनों पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर एक होटल में दबिश दी थी। पुलिस ने वहां तीन युवकों को युवतियों के साथ पकड़ा था। कांग्रेस के मुताबिक, इस कार्रवाई में ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी का नाम भी सामने आया। मामला सामने आने के बाद कांग्रेस की जमकर किरकिरी हुई और अब पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर पार्टी से निष्कासन
संगठन प्रभारी संजय कामले की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संज्ञान में राहुल दांगी के अनैतिक कार्यों में संलिप्त होने की जानकारी आई है। आदेश में कहा गया कि कांग्रेस ऐसे कार्यों का हमेशा विरोध करती है और इस तरह की मानसिकता के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर राहुल दांगी को तत्काल प्रभाव से ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया गया है।
फिलहाल कांग्रेस की इस कार्रवाई के बाद गुना से लेकर राजगढ़ तक यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

