बड़वानी। खेतिया में मां कानबाई उत्सव के मौके पर आयोजित संगीत संध्या में उस वक्त माहौल और भी खास हो गया, जब कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच संभाल लिया। पद्मश्री गायिका अनुराधा पौडवाल के अनुरोध पर मंत्री विजयवर्गीय ने मशहूर गीत ‘हमें तुमसे प्यार कितना’ गाया और उनकी आवाज सुनकर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
कृषि उपज मंडी समिति के प्रांगण में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में दर्शकों से खचाखच भरा पंडाल नजर आया। पद्मश्री अनुराधा पौडवाल और उनके साथ आए कलाकारों ने भजनों से लेकर देशभक्ति के गीत और फिल्मों में गाए अपने लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
‘शिव मेरा मंदिर, शिव तेरी पूजा’ और ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ जैसे भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही देशभक्ति के गीतों और फिल्मी गीतों पर भी दर्शक झूमते नजर आए।
अनुराधा पौडवाल के अनुरोध पर मंत्री ने छेड़े सुर
कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय का आयोजक परिवार की ओर से स्वागत और अभिनंदन किया गया। इसके बाद अनुराधा पौडवाल ने उनसे गाना सुनाने का अनुरोध किया। मंत्री विजयवर्गीय ने भी अनुरोध स्वीकार किया और ‘हमें तुमसे प्यार कितना’ गीत गाकर अपनी गायकी का अंदाज दिखाया।
गीत खत्म होते ही पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने अनुराधा पौडवाल की चार दशक लंबी संगीत यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि सुर और साधना एक-दूसरे के पर्याय हैं।
मंत्री के स्वागत में जुटे भाजपा कार्यकर्ता
कैलाश विजयवर्गीय के खेतिया पहुंचने पर भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और आतिशबाजी के साथ मंत्री का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, नगर परिषद पानसेमल अध्यक्ष शैलेन्द्र भंडारकर समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन को लेकर शहर में शुरुआत से ही खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी।

