सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर में सीजी क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई से पहले ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ किया।
करीब 50 एकड़ में फैली यह अत्याधुनिक फैक्ट्री एक ही स्थान पर स्थित देश की बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाइयों में शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश अब सिर्फ निवेश के प्रस्तावों तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े उद्योगों को जमीन पर उतारकर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम डॉ. मोहन यादव के मुताबिक इस संयंत्र का निर्माण महज 13 से 14 महीने के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया और अब यहां उत्पादन भी शुरू हो चुका है। उन्होंने इसे प्रदेश की तेज औद्योगिक प्रगति का उदाहरण बताया।
इस अत्याधुनिक प्लांट में 220 केवी से लेकर 1200 केवी तक की क्षमता वाले अति-उच्च वोल्टेज पावर ट्रांसफॉर्मर तैयार किए जाएंगे। संयंत्र की क्षमता हर महीने करीब 35 पावर ट्रांसफॉर्मर बनाने की बताई गई है।
यहां तैयार होने वाले ट्रांसफॉर्मर देश के अलग-अलग राज्यों में भेजे जाएंगे, वहीं वैश्विक बाजारों में भी इनका निर्यात किया जाएगा। ऐसे में यह प्लांट मध्य प्रदेश के साथ-साथ देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस परियोजना से सीहोर और आसपास के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार प्लांट शुरू होने से 2000 से ज्यादा युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स, सप्लाई, मेंटेनेंस और स्थानीय छोटे कारोबारों को भी इस औद्योगिक इकाई के शुरू होने से फायदा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सीजी पावर के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यानी सीहोर में शुरू हुआ यह पावर ट्रांसफॉर्मर प्लांट सिर्फ एक फैक्ट्री नहीं, बल्कि क्षेत्र में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार देने वाली बड़ी पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

