जब ‘नटखट कान्हा’ पहुंचे स्कूल, लड्डू गोपाल का हुआ बाकायदा एडमिशन, रिकॉर्ड में नाम दर्ज हुआ ‘श्याम पांडेय’

सतना। स्कूल की घंटी बजते ही बच्चे बैग-किताबें लेकर अपनी कक्षाओं में पहुंचते हैं, लेकिन मध्यप्रदेश के धवारी स्थित तक्षशिला मिडिल स्कूल में एक ऐसा विद्यार्थी भी है, जिसकी कहानी बाकी बच्चों से बिल्कुल अलग है। यहां लड्डू गोपाल का बाकायदा एडमिशन हुआ है और स्कूल के रिकॉर्ड में उनका नाम ‘श्याम पांडेय’ दर्ज है। जन्माष्टमी के मौके पर सामने आई यह कहानी सिर्फ आस्था की नहीं, बल्कि एक आठ साल की बच्ची के उस मासूम रिश्ते की भी है, जिसमें लड्डू गोपाल उसके लिए भगवान से कहीं बढ़कर उसके छोटे भाई और ‘लल्ला’ हैं।

धवारी गली नंबर-1 निवासी नरेंद्र कुमार पांडेय और रेखा पांडेय भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं। उनकी बेटी आयुषी दूसरी कक्षा में पढ़ती है। परिवार के मुताबिक, आयुषी के लिए लड्डू गोपाल सिर्फ पूजा की प्रतिमा नहीं, बल्कि परिवार के एक सदस्य हैं। वह उन्हें अपने साथ खिलाती है, सुलाती है और उनकी देखभाल करती है। इतना ही नहीं, आयुषी कुछ देर के लिए भी अपने लल्ला को अकेला छोड़ना पसंद नहीं करती। परिवार कहीं बाहर जाता है तो लड्डू गोपाल भी उसके साथ जाते हैं।

बताया जाता है कि आयुषी के भाई अभिषेक पांडेय पढ़ाई के लिए वृंदावन के संस्कृत विद्यालय चले गए थे। भाई के दूर जाने के बाद आयुषी काफी उदास रहने लगी। तब उसकी मां ने उसे समझाया कि लल्ला के साथ रहो, वह तुम्हें अकेला महसूस नहीं होने देंगे। इसके बाद आयुषी का लड्डू गोपाल से लगाव और भी गहरा हो गया। परिवार साल 2025 में लड्डू गोपाल को वृंदावन से लेकर आया था और उनके कपड़े भी वहीं से मंगवाए जाते हैं। परिवार सात्विक जीवनशैली का पालन करता है।

जब पांडेय परिवार ने लड्डू गोपाल के स्कूल में एडमिशन की बात कही तो स्कूल प्रबंधन के लिए यह बिल्कुल नया अनुभव था। स्कूल संचालक सूर्य प्रकाश सिंह के मुताबिक, परिवार भी करीब छह महीने तक इस बात को लेकर असमंजस में रहा। बाद में परिवार लड्डू गोपाल को स्कूल लेकर पहुंचा और प्रवेश का आग्रह किया। परिवार की आस्था और भावनात्मक जुड़ाव को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने इसे स्वीकार कर लिया।

जन्माष्टमी के मौके पर स्कूल में ‘श्याम पांडेय’ यानी लड्डू गोपाल का विशेष पूजन-अर्चन भी किया गया। स्कूल स्टाफ और अभिभावकों की मौजूदगी में वैदिक रीति-रिवाज से पूजा हुई। अब स्कूल के रिकॉर्ड में श्याम पांडेय का नाम दर्ज है और आयुषी के लिए उनका लल्ला स्कूल का हिस्सा भी हैं और परिवार का सबसे प्यारा सदस्य भी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *