भोपाल। मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज से 9 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय AIM कांग्रेस 2026 में हिस्सा लेंगे और दुनिया के बड़े निवेशकों, उद्योग समूहों और नीति-निर्माताओं से सीधा संवाद करेंगे।
इस वैश्विक मंच पर मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियों को दुनिया के सामने रखेंगे। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश लाना और मध्यप्रदेश को उद्योग तथा पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाना है।
दौरे के पहले दिन दुबई पहुंचने पर प्रवासी भारतीय समुदाय मुख्यमंत्री का स्वागत करेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ओडीओपी यानी वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट स्टॉल का उद्घाटन करेंगे। इस स्टॉल पर चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक प्रिंट, बेल मेटल, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध हस्तशिल्प और उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और महावाणिज्य दूत से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही से मुलाकात के साथ 500 से अधिक संप्रभु संपत्ति कोष और फैमिली ऑफिस के प्रतिनिधियों की मौजूदगी वाले ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री इन बड़े निवेशकों को मध्यप्रदेश में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।
दौरे के दूसरे और तीसरे दिन मुख्यमंत्री AIM कांग्रेस में मध्यप्रदेश पेवेलियन का उद्घाटन करेंगे और लीडर्स सेशन को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी और तातारस्तान के गवर्नर से भी मुलाकात प्रस्तावित है।
विदेशी निवेश को लेकर मुख्यमंत्री की कई अहम वन-टू-वन बैठकें भी होंगी। लूलू ग्रुप, डीपी वर्ल्ड, एमार ग्रुप, क्रेसेंट ग्रुप, शराफ ग्रुप, प्योर हेल्थ और बीआह ग्रुप समेत एक दर्जन से ज्यादा बड़े कॉरपोरेट समूहों के प्रतिनिधियों से बातचीत होगी।
इन बैठकों में रियल एस्टेट, शहरी विकास और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दुबई दौरा मध्यप्रदेश में नए निवेश, रोजगार और औद्योगिक विस्तार के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

