सागर जहरीली शराब कांड पर सियासत तेज! विवेक तंखा का सरकार पर हमला, Gen Z को बताया दबे हुए लोग

नरसिंहपुर। सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। घटना को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। नरसिंहपुर के गाडरवारा स्थित होटल हीरा पार्क में रोटरी क्लब के कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने इस पूरे मामले को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मीडिया से बातचीत में विवेक तंखा ने कहा कि अवैध शराब एक बहुत बड़ी सामाजिक बुराई है और इसे खत्म करने के लिए समाज और प्रशासन, दोनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सागर की घटना से साफ है कि सरकार का अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है और आम लोगों की सुरक्षा के मामले में सरकार असफल रही है।

विवेक तंखा ने यह भी मांग की कि जहरीली शराब की घटना में बीमार पड़े लोगों को बेहतर से बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इस त्रासदी में और लोगों की जान न जाए।

वहीं कार्यक्रम के दौरान जब विवेक तंखा से आज की युवा पीढ़ी यानी Gen Z को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने अपने अंदाज में इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी दबाव में है और Gen Z को लेकर सभी लोग दबे हुए महसूस कर रहे हैं।

अब सागर की शराब त्रासदी पर सरकार की कार्रवाई और कांग्रेस के आरोपों के बीच सियासत और तेज होती नजर आ रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अवैध शराब के इस कारोबार पर लगाम कब लगेगी और इस घटना के बाद जिम्मेदारी तय करने के लिए सरकार क्या कदम उठाती है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *