भोपाल। भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा अपने तीखे बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। लेकिन इस बार जन्माष्टमी के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिए गए उनके बयान ने सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। विधायक के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा और सरकार पर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि एक समय लोग कहते थे कि हिंदुस्तान सुई तक नहीं बना सकता, लेकिन मोदी सरकार ने देश को मिसाइल बनाने की ताकत दी। इसी दौरान उन्होंने कहा कि करोंद चौराहे पर मिसाइल लगा दो और काजी कैंप पर गिरा दो। उनके इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया।
बयान पर चौतरफा घिरने के बाद विधायक रामेश्वर शर्मा ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका इशारा भोपाल के मुस्लिम बहुल काजी कैंप की तरफ नहीं था, बल्कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप की ओर था।
अब विधायक की इसी सफाई को लेकर कांग्रेस ने हमला तेज कर दिया है। कांग्रेस के नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने इंटरनेट सर्च का हवाला देते हुए दावा किया कि इस्लामाबाद में ‘काजी कैंप’ नाम का कोई इलाका या मोहल्ला मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक को अपने बयान पर सफाई देनी चाहिए और प्रदेश सरकार को भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भोपाल के काजी कैंप जैसे मुस्लिम बहुल इलाके का नाम लेकर इस तरह का बयान देना बेहद गंभीर और निंदनीय है। पार्टी का कहना है कि त्योहारों और चुनावी माहौल के दौरान इस तरह के बयानों से धार्मिक ध्रुवीकरण और सामाजिक सौहार्द पर असर पड़ सकता है।
अब विवाद का केंद्र विधायक का मूल बयान ही नहीं, बल्कि उनकी सफाई भी बन गई है। कांग्रेस के सवालों के बीच भाजपा और राज्य सरकार इस पूरे मामले पर क्या आधिकारिक रुख अपनाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

