शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में कलेक्टर बंगले पर एक्सपायरी प्रोटीन पाउडर पहुंचने के बाद जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
दरअसल, कलेक्टर बंगले के लिए भेजे गए बच्चों के प्रोटीन पाउडर के डिब्बे की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। मामला सामने आते ही कलेक्टर ने सीएमएचओ और खाद्य एवं औषधि प्रशासन को पूरे मामले की जांच करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही विभागों की संयुक्त टीम कोर्ट रोड स्थित शिव मेडिकल स्टोर पहुंची और दुकान की जांच की। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर टीम ने मेडिकल स्टोर को सील करने की कार्रवाई की।
प्रशासन का कहना है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल एक्सपायरी प्रोटीन पाउडर कलेक्टर बंगले तक कैसे पहुंचा और इस मामले में इसके लिए जिम्मेदार कौन है, इसकी जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

