दतिया। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को दतिया पहुंचे, जहां स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दतिया पहुंचने पर कांग्रेस विधायक कुंअर घनश्याम सिंह ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद दिग्विजय सिंह प्रसिद्ध मां पीतांबरा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया। उनके साथ कांग्रेस विधायक कुंअर घनश्याम सिंह भी कतार में खड़े रहे। बारी आने पर दोनों ने मां पीतांबरा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद दिग्विजय सिंह ने मंदिर में प्रसाद भी ग्रहण किया।
मंदिर दर्शन के बाद दिग्विजय सिंह कांग्रेस विधायक कुंअर घनश्याम सिंह के किले पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात की। इस दौरान आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी हुई।
दिग्विजय सिंह के दतिया दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर दर्शन से लेकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात तक उनका यह दौरा धार्मिक और राजनीतिक, दोनों ही लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

