उज्जैन का लाल आशीष बना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट! अखिल भारतीय स्तर पर हासिल की 18वीं रैंक, जुलूस निकालकर हुआ भव्य स्वागत

उज्जैन। उज्जैन के युवा आशीष सिंह जादौन ने भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट बनकर शहर और अपने परिवार का गौरव बढ़ाया है। आशीष ने अखिल भारतीय स्तर पर 18वीं रैंक हासिल कर यह शानदार उपलब्धि अपने नाम की है। चेन्नई स्थित अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद आशीष को भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन मिला। उनकी इस उपलब्धि के बाद उज्जैन में खुशी का माहौल है और शहरवासियों ने उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया।

पूर्व सैनिक संगठन की ओर से लेफ्टिनेंट आशीष के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। समारोह से पहले अंबर कॉलोनी, हनुमान नाका स्थित उनके निवास से कार्यक्रम स्थल तक आशीष और उनके माता-पिता को खुली जीप में बैठाकर जुलूस निकाला गया। रास्ते में शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर और फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस सम्मान समारोह में उज्जैन संभाग पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष कमल सोनी, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आशीष ने कठिन चयन प्रक्रिया के बाद भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट बनने का मुकाम हासिल किया है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने सैन्य करियर के प्रथम और द्वितीय, दोनों प्रयासों में SSB द्वारा अनुशंसित होकर अपनी प्रतिभा साबित की और अखिल भारतीय स्तर पर 18वीं रैंक यानी AIR-18 हासिल की। इस उपलब्धि से आशीष के परिवार, दोस्तों, पूर्व सैनिकों और शहरवासियों में खासा उत्साह है।

आशीष की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का सैन्य अनुभव भी रहा है। उनके पिता सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर अजय सिंह जादौन भारतीय थल सेना में करीब 30 वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब बेटे आशीष ने भी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर परिवार की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया है। उज्जैन के इस युवा की सफलता न सिर्फ उनके परिवार के लिए गर्व का पल है, बल्कि शहर के युवाओं के लिए भी प्रेरणा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *