भोपाल BMHRC नर्सिंग कॉलेज में प्राचार्य प्रभार पर विवाद! NSUI ने मान्यता जांच और कार्रवाई की मांग उठाई

भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित BMHRC नर्सिंग कॉलेज एक बार फिर विवादों में है। कॉलेज में उप प्राचार्य प्रभा अग्निभोज को प्राचार्य का प्रभार सौंपे जाने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्र संगठन NSUI ने इस नियुक्ति को नियमों के विरुद्ध बताते हुए पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

NSUI का आरोप है कि BMHRC की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने प्रशासनिक नियमों और निर्धारित मानकों को दरकिनार करते हुए उप प्राचार्य को प्राचार्य पद का प्रभार सौंपा है। संगठन का कहना है कि इस प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन हुआ है और इसी वजह से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

NSUI ने इस मामले में मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल से भी हस्तक्षेप करने की मांग की है। संगठन ने कॉलेज को मिली मान्यता और वहां की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जांच कराने की अपील की है। साथ ही NSUI का कहना है कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

अब बड़ा सवाल यही है कि BMHRC नर्सिंग कॉलेज में प्राचार्य का प्रभार सौंपने की प्रक्रिया में वास्तव में नियमों का पालन हुआ है या नहीं, और NSUI की शिकायत के बाद नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल और संबंधित प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *