दमोह/भोपाल। दमोह जिले के पथरिया में जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल के जन्मदिन समारोह का एक वीडियो सामने आने के बाद चर्चा तेज हो गई है। कार्यक्रम के दौरान बुंदेली लोकगीत कलाकारों ने सागर जिले के बंडा में हुए शराब कांड और शराब सेवन से हुई मौतों को लेकर ऐसा गीत प्रस्तुत किया, जिसके बोल अब सवालों के घेरे में हैं।
मंच से कलाकारों ने बुंदेली अंदाज में “पौआ ने पिओ घने-घने, बंडा में मर गयो कई जने” जैसे बोल वाला गीत गाया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच यह प्रस्तुति चर्चा का विषय बन गई और अब इसका वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम पथरिया में गौरव पटेल के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया था। गौरव पटेल भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और अध्यक्ष प्रतिनिधि हैं। ऐसे में सागर जिले में शराब सेवन से हुई मौतों जैसे संवेदनशील मामले को लेकर मंच से हास्य और व्यंग्य के अंदाज में गीत प्रस्तुत किए जाने पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।
सागर जिले में शराब से जुड़ी मौतों का मामला बेहद गंभीर रहा है। ऐसे में मृतकों और उनके परिवारों से जुड़े संवेदनशील विषय पर सार्वजनिक मंच से इस तरह की प्रस्तुति को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे महज बुंदेली लोकगीत की प्रस्तुति मान रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग मृतकों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर आयोजकों या संबंधित राजनीतिक पक्ष की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आई है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन वीडियो ने एक बार फिर सागर शराब कांड को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सवाल यही है कि इस विवादित प्रस्तुति को लेकर आयोजकों और कलाकारों की ओर से क्या सफाई सामने आती है और क्या इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या कार्रवाई होती है।

