टाइगर श्रॉफ पहुंचे बागेश्वर सरकार की शरण में! गणेशोत्सव पूजा में हुए शामिल, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से लिया आशीर्वाद

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ गणेशोत्सव के मौके पर भिवंडी पहुंचे, जहां उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यानी बागेश्वर सरकार से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। भिवंडी स्थित बागेश्वर बालाजी सनातन मठ में आयोजित गणेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान टाइगर श्रॉफ और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच आध्यात्मिक विषयों को लेकर चर्चा भी हुई।

बागेश्वर सरकार से मुलाकात करने से पहले टाइगर श्रॉफ ने मठ परिसर में स्थापित भगवान गणेश, सीताराम दरबार, बागेश्वर बालाजी और भगवान महादेव के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद लिया।

बताया जाता है कि टाइगर श्रॉफ की बागेश्वर सरकार में आस्था है और वह इससे पहले भी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर चुके हैं। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर दोनों की यह मुलाकात बागेश्वर बालाजी सनातन मठ में मौजूद भक्तों के बीच भी चर्चा का विषय रही और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

टाइगर श्रॉफ के इस आध्यात्मिक अंदाज की तस्वीरें और वीडियो भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। गणेशोत्सव के मौके पर अभिनेता का मंदिर पहुंचना और बागेश्वर सरकार से आशीर्वाद लेना अब चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *