सीहोर। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयानों को लेकर मध्यप्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा ने ओवैसी के बयानों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। सीहोर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान अरोरा ने कहा कि भोपाल आकर कथित तौर पर अनर्गल बयानबाजी करने वाले ओवैसी को उनके ही गढ़ हैदराबाद में जवाब दिया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने और मिसाइल से जुड़े अपने बयान पर भी जसपाल सिंह अरोरा ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि जहां भी अतिक्रमणकारी सक्रिय हैं, वहां सख्त कार्रवाई का संकेत देने के लिए मिसाइल शब्द का इस्तेमाल महज एक मुहावरे के तौर पर किया गया था। उनका कहना था कि इसका मतलब वास्तव में मिसाइल दागना नहीं था।
ओवैसी को लेकर अरोरा ने आरोप लगाया कि वह भोपाल आकर मुस्लिम समुदाय को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसमें सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल उनका घर है और शहर की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से है। उनके मुताबिक भोपाल में हिंदू और मुस्लिम लंबे समय से मिल-जुलकर रहते आए हैं और आगे भी यह एकता बनी रहेगी।
अरोरा ने कहा कि इससे पहले भी कई लोग भोपाल का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन शहर की जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। उन्होंने ओवैसी की भाषा को अमर्यादित, असंसदीय और निंदनीय बताते हुए बेहद तीखी चेतावनी दी।
जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि अगर ओवैसी दोबारा भोपाल आए तो यहां की जनता उन्हें स्टेशन से बाहर कदम तक नहीं रखने देगी। उन्होंने ‘कपड़े फाड़ देने’ जैसी आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया और कहा कि ओवैसी के बयानों को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं और भोपाल के लोगों में नाराजगी है।
अरोरा ने यह भी कहा कि ओवैसी के बयानों का जवाब उनके अपने क्षेत्र हैदराबाद में जाकर दिया जाएगा। अब इन बयानों पर एआईएमआईएम और असदुद्दीन ओवैसी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, यह देखना अहम होगा।

