उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंच चुके हैं। उनका प्रवास शुक्रवार दोपहर तक रहेगा। इस दौरान वे संगठनात्मक बैठकों में शामिल होकर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे और ‘युवा धर्म संसद’ के उद्घाटन सत्र में भी शामिल होंगे। डॉ. मोहन भागवत देवासगेट क्षेत्र के सरदारपुरा स्थित संघ कार्यालय ‘आराधना भवन’ में ठहरे हैं।
गुरुवार शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर डॉ. मोहन भागवत अरविंद नगर स्थित महाकाल परिसर में आयोजित स्वयंसेवकों की विशेष बैठक में शामिल होंगे। यह संगठनात्मक और बौद्धिक कार्यक्रम है, जिसमें अनुशासन और पूर्व निर्धारित योजना के तहत जिलेभर से करीब 600 अपेक्षित स्वयंसेवकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान सरसंघचालक करीब डेढ़ घंटे तक स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे और संगठन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
इसके बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे ‘सेवाज्ञ संस्थानम्’ के तत्वावधान में आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ के उद्घाटन सत्र में डॉ. मोहन भागवत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। देशभर से जुटे युवाओं के बीच वे अपने विचार रखेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे।
शुक्रवार दोपहर निर्धारित कार्यक्रम पूरे होने के बाद डॉ. मोहन भागवत उज्जैन से रवाना हो जाएंगे। उनके आगमन और इन कार्यक्रमों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और संघ कार्यकर्ताओं की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि उज्जैन में स्वयंसेवकों की बैठक और युवा धर्म संसद के मंच से संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत युवाओं और स्वयंसेवकों को क्या संदेश देते हैं।

