ग्वालियर। ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला पर उसके पति द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हमले में महिला के गाल पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद महिला के पिता की शिकायत पर कम्पू थाना पुलिस ने आरोपी पति उदयभान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और नवजात बच्ची को लेकर भी दोनों के बीच विवाद की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि हजीरा निवासी पूजा ने कमलाराजा अस्पताल में एक साथ बच्चा और बच्ची को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद जैसे ही पूजा को बेड पर लाया गया, उसका पति उदयभान वहां पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और उदयभान ने पूजा पर हमला कर दिया। हमले में पूजा के गाल पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल महिला के पिता ने कम्पू थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि पूजा और उदयभान के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। अस्पताल में डिलीवरी के बाद भी दोनों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद उदयभान ने कथित तौर पर पूजा पर हमला कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी में नवजात बच्ची को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल महिला के पिता की शिकायत पर उदयभान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम और विवाद की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। सवाल यह है कि आखिर अस्पताल में डिलीवरी के तुरंत बाद ऐसा क्या हुआ कि पति ने अपनी पत्नी पर ही हमला कर दिया?

